रोहतक के धावक अरविंद पाल दहिया ने पूरे किए लगातार दौड़ने के 2300 दिन, कुल 21,372 किलोमीटर तय

रोहतक के धावक अरविंद पाल दहिया ने पूरे किए लगातार दौड़ने के 2300 दिन, कुल 21,372 किलोमीटर तय

रोहतक, 7 अक्टूबर 2026: बीएसएनएल के सहायक महाप्रबंधक और रोहतक रनर्स ग्रुप (आरआरजी) के सक्रिय धावक अरविंद पाल दहिया ने बुधवार को छोटू राम स्टेडियम में 23 किलोमीटर दौड़ लगाकर लगातार दौड़ने के 2300 दिन पूरे कर लिए। उन्होंने यह दौड़ 2 घंटे 10 मिनट में पूरी की।

58 वर्षीय दहिया ने 20 जून 2020 से बिना किसी अवकाश के प्रतिदिन दौड़ना शुरू किया था। शुरुआती लक्ष्य मात्र 100 दिनों का था, लेकिन अब यह उनकी दिनचर्या का अनिवार्य हिस्सा बन गया है। इन 2300 दिनों में उन्होंने कुल 21,372 किलोमीटर की दूरी तय की है।

इस दौरान उन्होंने एक अल्ट्रा मैराथन (50 किमी), 17 फुल मैराथन (42.2 किमी) और 252 हाफ मैराथन (21.1 किमी) दौड़ लगाई हैं। मौसम खराब हो या कोई अन्य रुकावट आए, वे नियमित रूप से दौड़ना जारी रखते हैं। दौड़ के अलावा उन्होंने 7,405 किलोमीटर साइक्लिंग और 5,390 किलोमीटर वॉकिंग भी की है।

सेक्टर-3, रोहतक निवासी दहिया मूल रूप से सोनीपत जिले के गांव रोहणा के रहने वाले हैं और बीएसएनएल रोहतक में असिस्टेंट जनरल मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं।

आज की दौड़ में रोहतक रनर्स ग्रुप के अन्य धावक परवीन जांगड़ा, सुरेंद्र पाल सिंह धनखड़, अमित कादयान, रामफल फोगाट और बिमला बनवाला भी शामिल हुए।