लाल किला मैदान में 200 फीट ऊंचाई पर जटायु-रावण युद्ध, हजारों रामभक्त मोबाइल कैमरे लेकर मुग्ध

लाल किला मैदान में 200 फीट ऊंचाई पर जटायु-रावण युद्ध, हजारों रामभक्त मोबाइल कैमरे लेकर मुग्ध


नई दिल्ली : लाल किला मैदान में चल रही देश-विदेश में विख्यात लव कुश रामलीला में शुक्रवार को जटायु और रावण के बीच भीषण आकाश युद्ध का भव्य मंचन किया गया। करीब 200 फीट से अधिक ऊंचाई पर प्रस्तुत इस एक्शन दृश्य ने हजारों दर्शकों को अचंभित कर दिया। जबरदस्त 8 ट्रैक साउंड सिस्टम के साथ जब जटायु-रावण युद्ध का दृश्य दिखाया गया, तब लीला स्थल पर मौजूद रामभक्त अपने मोबाइल कैमरों से इस दृश्य को कैद करने में जुट गए। पूरे ग्राउंड में मोबाइल कैमरों की रोशनी चमकती नजर आई।


लव कुश रामलीला कमेटी के प्रेसिडेंट अर्जुन कुमार ने बताया कि आज की लीला में कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। इनमें अगस्त्य मुनि से भेंट, पंचवटी में जयंत प्रसंग, सूर्पनखा प्रसंग, खर-दूषण वध, सीता हरण और जटायु मोक्ष शामिल थे। इन सभी एक्शन स्टंट दृश्यों को मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के अनुभवी एक्शन निर्देशक की निगरानी में प्रस्तुत किया गया, जिससे लीला का स्तर और ऊंचा हो गया।
केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाईक का आगमन


कमेटी के महामंत्री सुभाष गोयल ने बताया कि केंद्रीय मंत्री श्रीपाद नाईक भी रामलीला देखने पहुंचे और लीला का अवलोकन किया। इस अवसर पर सभी उपस्थित गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


लाल किला मैदान में आयोजित यह रामलीला हर वर्ष अपनी भव्यता और तकनीकी उत्कृष्टता के लिए जानी जाती है। 200 फीट ऊंचाई पर जटायु-रावण युद्ध जैसे दृश्यों ने इस बार की लीला को और यादगार बना दिया है। दर्शक भावुक होकर प्रसंगों का आनंद ले रहे हैं।