नई दिल्ली, 21 अक्टूबर 2026: ई-कॉमर्स दिग्गज Flipkart अब फूड डिलीवरी बिजनेस में एंट्री करने जा रहा है। कंपनी स्विगी और जोमैटो जैसे प्लेटफॉर्म की तर्ज पर फूड डिलीवरी सर्विस लॉन्च करने की तैयारी में है। टेकक्रंच की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने इसकी टेस्टिंग शुरू कर दी है और जल्द ही इसे ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराया जा सकता है।
बेंगलुरु में इंटरनल टेस्टिंग
फ्लिपकार्ट की फूड सर्विस की टेस्टिंग फिलहाल बेंगलुरु में कंपनी के स्टाफ पर चल रही है। शुरुआती चरण में कुछ कर्मचारियों के साथ टेस्टिंग शुरू हुई थी, जो अब बढ़कर 8 हजार कर्मचारियों तक पहुंच गई है। इस सर्विस को ‘Eat in By Minutes’ नाम दिया जा सकता है, जो कंपनी की क्विक कॉमर्स सर्विस Minutes से प्रेरित लगता है।
कैसे काम करेगी सर्विस
फ्लिपकार्ट शॉपिंग ऐप के अंदर ही फूड डिलीवरी का एक टैब शामिल कर लिया जाएगा, ठीक उसी तरह जैसे Minutes को शामिल किया गया है। ग्राहकों को अलग ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी इस महीने के आखिर तक सर्विस लॉन्च कर सकती है, हालांकि शुरुआती लॉन्चिंग कितने शहरों में होगी, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी नहीं दी गई है।
सस्ते फूड की रणनीति संभव
बाजार में कुछ नए प्लेयर्स जैसे Toing सस्ते में फूड डिलीवरी सर्विस दे रहे हैं। ऐसे में फ्लिपकार्ट भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सस्ते फूड की रणनीति अपना सकता है। स्विगी और जोमैटो के मजबूत कब्जे वाले बाजार में फ्लिपकार्ट का एंट्री करना प्रतिस्पर्धा को और बढ़ाएगा।
फ्लिपकार्ट अपनी क्विक कॉमर्स क्षमता का इस्तेमाल करते हुए फूड डिलीवरी में तेजी से विस्तार करने की कोशिश कर रहा है। आने वाले दिनों में कंपनी की तरफ से आधिकारिक घोषणा की उम्मीद है।





