आयुष मेडकास्ट फाउंडेशन की ओर से बहादुरगढ़ के गांव कुलासी में गांधी जयंती पर निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान कुल 172 मरीजों की जांच की गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजेंद्र खत्री रहे।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया। डॉ. अशोक जैन, जैन हेल्थ क्लीनिक पंजाबी बाग दिल्ली की संचालक डॉ. पूनम जैन, डॉ. नवीन खत्री, डॉ. दीपक यादव, डॉ. प्रसन्नाराज सिंहवी जैन और डॉ. दिनेश शर्मा ने शिविर में अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में आंखों से संबंधित समस्याओं, महिला रोग, ब्लड प्रेशर, शुगर, एलर्जी, हड्डी रोग, बुखार और दमा सहित विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं की जांच कर दवाएं दीं गई । चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी से बचाव, खान-पान और नियमित स्वास्थ्य जांच के संबंध में जरूरी सुझाव भी दिए। नेत्र विभाग के डॉक्टर दिनेश शर्मा ने मरीजों की आंखों की जांच की और जरूरत अनुसार आंखों के नंबर दिए

इस अवसर पर गांव की सरपंच गीता देवी ने शिविर के आयोजन में सहयोग किया और ग्रामीणों से स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लोगों को समय पर जांच और चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
शिविर के सफल आयोजन में ओन्सी, छवि, अनुज और जितेंद्र पाल मेरठ का विशेष सहयोग रहा। इन्होंने मरीजों की बीपी शुगर जांच करने के साथ दवा वितरण किया।
ग्रामीणों ने आयुष मेडकास्ट फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाने की उम्मीद जताई।शिविर में एलपीएस बोसार्ड की आधुुनिक उपकरणों से युक्त नेत्र जांच के लिए आधुनिक एसी बस का विशेष सहयोग रहा। इसमें भूपेंद्र व मनोज ने अहम सहयोग दिया। सभी को फाउंडेशन की ओर से प्रशंसा पत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।