Flights from Gorakhpur: गोरखपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट तकनीकी खराबी के बाद लखनऊ एयरपोर्ट पर उतारनी पड़ी। इस उड़ान के यात्रियों ने बुधवार-गुरुवार की रात जमकर हंगामा किया। एयरलाइंस यात्रियों को पूरा पैसा वापस करने की बात कर रही थी। यात्री दूसरी उड़ान से दिल्ली भेजे जाने की जिद कर रहे थे। आखिरकार बुधवार की रात सवा दो बजे काफी समझाने के बाद यात्री शांत हुए।

यात्रियों के अनुसार अलायंस एयर की उड़ान संख्या 9आई 810 गोरखपुर एयरपोर्ट पर रात 2138 बजे उतरी थी। वहां से 2220 बजे टेक ऑफ हुई। कुछ ही मिनटों में पाइलट को पता लगा कि विमान में कुछ गड़बड़ी है। उसने एटीसी से मदद मांगी। इसके बाद एटीसी ने उड़ान को लखनऊ उतरने का निर्देश दिया। रात 2320 बजे विमान लखनऊ में उतर गया। इंजीनियर मौके पर पहुंचे तो पता चला कि विमान की गड़बड़ी तुरंत ठीक नहीं की जा सकती। इसके लिए विशेषज्ञों को बुलाना पड़ेगा। ऐसे में उड़ान 9आई 810 निरस्त कर दी गई। यात्रियों ने इस पर हंगामा शुरू कर दिया। किसी तरह समझाने के बाद वे रात करीब दो बजे माने।

आधी रात को कहां जाएं

रात करीब दो पौने बजे उड़ान रद्द होने की सूचना पर यात्री भड़क उठे। एयरलाइंस पूरा पैसा वापस कर रही थी। यात्रियों का कहना था कि उन्हें होटल में रुकवाया जाए या दूसरे विमान से भेजें। विमान में 55 यात्री थे। एयरलाइंस का कहना था यात्रियों को होटल में नहीं रुकवाया जा सकता है। पायलट, क्रू सदस्यों को रमाडा होटल में भेज दिया गया।