घर में की गई खोदाई।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा के हिसार में दृश्यम फिल्म में शव को तलाशने के जो दृश्य दिखाए गए हैं ऐसा ही एक वाकया जिले के गांव धिकताना में सामने आया है। पुलिस ने कुलदीप की हत्या करने के मामले में दो आरोपियों सुनील और सुशील को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी पुलिस को गुमराह करते रहे।
पहले आरोपियों ने बताया किकुलदीप की हत्या करने के बाद शव को उसके घर के एक हिस्से में दफना दिया है। बुधवार को बरवाला पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से आरोपियों की निशानदेही पर घर के अंदर खोदाई की, लेकिन पुलिस को कुछ नहीं मिला। आरोपियों से सख्ती से पूछताछ की, तो फिर कहा कि शव को कुएं में फेंक दिया। इसके बाद आरोपियों ने कहा कि 19 जुलाई 2021 को कुलदीप की हत्या करने के बाद उसके शव को बालसमंद नहर में फेंक दिया था।
खोदाई के बाद डाली मिट्टी
बरवाला थाना पुलिस दोनों आरोपियों को बुधवार सुबह धिकताना गांव कुलदीप के घर लेकर पहुंची। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से उस जगह की खोदाई करनी शुरू की। करीब एक घंटे की खोदाई के बाद वहां से पुलिस को कुछ नहीं मिला। उसके बाद गड्ढे को मिट्टी से भर दिया। वहां पर कुछ न मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों पर सख्ती बरती तो कहने लगे कि शव को नहर में बहा दिया है। फिर कहने लगे की कुएं में डाल दिया है। कुएं की तलाशी की तो वहां पर भी कुछ नहीं मिला। देर रात तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही थी। हालांकि अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि गायब हुए व्यक्ति के साथ किस तरह की वारदात हुई है।
जुलाई 2021 में करवाई थी एफआईआर
धिकताना गांव निवासी कुलदीप 19 जुलाई 2021 में लापता हो गया था। घर न पहुंचने पर उसकी पत्नी ने बरवाला थाना में गुमशुदगी की रपट दर्ज करवाई थी। महिला का कहना था कि उनका पति गाड़ी चलाता था और मैं खुद मजदूरी का काम करती हूं। जब पुलिस महिला के घर पहुंची तो वह अनजान बन रही थी। जैसे की उसे कुछ नहीं पता। इस बीच पुलिस को एक अज्ञात में लाश मिली थी। 21 जुलाई को शव की शिनाख्त परिजनों ने थाने में पहुंचकर कुलदीप के रूप में की थी।
अनैतिक संबंध के चलते की थी हत्या
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि धिकताना निवासी कुलदीप की पत्नी का गांव के ही सुनील के साथ अनैतिक संबंध थे। कुलदीप को इस बात की भनक लग गई थी। जुलाई 2021 को महिला ने अपने प्रेमी सुनील के साथ मिलकर कुलदीप को रास्ते से हटाने की साजिश रची। सुनील ने अपने दोस्त खरड़ निवासी सुशील को अपने साथ लिया। 18-19 जुलाई की रात को साजिश के तहत कुलदीप की हत्या की और उसके बाद शव को बालसमंद नहर में फेंक दिया। 21 जुलाई 2021 को पुलिस को सरसाना माइनर से कुलदीप का शव बरामद हुआ था। उस समय इत्तफाकिया कार्रवाई की गई थी। पुलिस ने बताया कि हत्या, शव को खुर्दबुर्द करने के आरोप में सुनील और सुशील को गिरफ्तार कर लिया गया है।
ऐसे हुआ खुलासा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी सुनील और मृतक की पत्नी के बीच संबंध थे। मृतक की पत्नी सुनील से शादी करने की बात कहती थी। अब सुनील की शादी की जा रही थी तो उसकी प्रेमिका ने इसका विरोध किया। इस पर सुनील ने शादी करने से इन्कार कर दिया। दो दिन पहले महिला ने अपने पति की हत्या करने की बात परिजनों को बताई तो परिजन बरवाला थाने पहुंचे और मामले का खुलासा हुआ।