Advertisement

Advertisement

सादाबाद में यमुना एक्सप्रेसवे के मिढ़ावली कट तक पहुंचा यमुना का पानी
– फोटो : अमर उजाला

विस्तार


मथुरा जिले की सीमा से सटे सादाबाद तहसील क्षेत्र के गांव मिढ़ावली पर अब यमुना में आ रही बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। यमुना का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बारिश होने के बाद बाढ़ का खतरा और प्रभावी हो गया है। जल स्तर पर नजर बनाए रखने के लिए हालांकि गांव में लेखपालों की तैनाती की गई है, लेकिन ग्रामीण जलस्तर को देखकर परेशान हैं। 

भारी बारिश और हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद यमुना उफान पर है। राजधानी ही नहीं यमुना के तटीय क्षेत्रों में पानी ही पानी नजर आ रहा है। मथुरा जिले की सीमा से सटा क्षेत्र का गांव मिढ़ावली भी यमुना के किनारे बसा है, इसलिए इस गांव के लोग बढ़ते जलस्तर को देख बेचैन है। यमुना का पानी लगातार गांव की ओर बढ़ रहा है। 

गांव मिढ़ावली में ग्रामीणों को सतर्क करते कोतवाल लोकेश सिंह भाटी

बीते चार दिनों में पानी बढ़कर वनखंडी महादेव मंदिर के निकट पहुंच गया है। यमुना का पानी गांव की तरफ ऐसे ही बढ़ता रहा तो दो-चार दिनों में पानी गांव में घुस जाएगा।इससे गांव पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसके अलावा आने वाले दो-तीन दिनों में भयंकर बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने दी है। इससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है। 

बाढ़ की संभावना को देख ग्रामीणों की रात की नींद और दिन का चैन छिन गया है। जलस्तर की निगरानी करने के लिए 8- 8 घंटे के लिए 3 लेखपालों की तैनाती की गई है। सोमवार को प्रभारी निरीक्षक लोकेश सिंह ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों से बात की है। दूसरी ओर एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि गांव मिढ़ावली में जल प्लावन की स्थिति उत्पन्न हो गई है। 

मौसम विभाग की जानकारी के अनुसार अगले 72 घंटे अत्यधिक वर्षा होने की संभावना है। इससे यमुना नदी का जल स्तर और बढ़ सकता है। लिहाजा लोगों को सलाह दी गई है कि लोग बाढ़ के पानी में नहाने का प्रयास न करें और सेल्फी इत्यादि लेने से बचें। इससे लोगों की जान के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है। आने वाले दिनों में जल स्तर बढ़ने के मद्देनजर सावधानी बरतने की जरूरत है।

Source link

Advertisement