इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में अब एक ऐसी गाड़ी एंट्री करने वाली है जिसे हम सभी लूना के नाम से जानते हैं। जी हां, मोपेड सेगमेंट की काइनेटिक लूना अब इलेक्ट्रिक होने वाली है। यानी अब लूना की इलेक्ट्रिक अवतार में वापसी होने वाली है। कंपनी को इस बात की उम्मीद है कि इसे ग्राहकों की तरफ से अच्छा रिस्पॉन्स मिलेगा। बता दें कि लूना की शुरुआत 50cc के इंजन के साथ हुई थी। मोटवानी ने ट्वीट किया, “ब्लास्ट फ्रॉम द पास्ट!! “चल मेरी लूना” और इसके क्रिएटर .. मेरे पिता, पद्मश्री श्री अरुण फिरोदिया!” इस ट्वीट के साथ उन्होंने अपने पिता श्री अरुण फिरोदिया की काइनेटिक लूना के साथ एक फोटो भी शेयर की।
ई-लूना का प्रोडक्शन और रेंज
इलेक्ट्रिक लूना या ई-लूना काइनेटिक ग्रीन एनर्जी एंड पावर सॉल्यूशंस का प्रोडक्ट होगा, जो काइनेटिक ग्रुप का एक सहयोगी ब्रांड है। काइनेटिक ग्रीन एनर्जी एंड पावर सॉल्यूशंस महाराष्ट्र के अहमदनगर में ई लूना का प्रोडक्शन करेगी। कंपनी ने चेसिस और दूसरे सब असेंबली का भी प्रोडक्शन शुरू किया। शुरुआत में हर महीने इसकी 5,000 यूनिट का प्रोडक्शन होने की संभावना है।
इसकी डिमांड के साथ कंपनी प्रोडक्शन को भी बढ़ाएगी। काइनेटिक इलेक्ट्रिक लूना के लिए एक अलग असेंबली लाइन तैयार कर रहा है। कंपनी ने असेंबली लाइन में 30 नई वेल्डिंग मशीनें स्थापित कीं जो ई लूना के लिए लगाई गई हैं। इसके लिए स्पेशल पेंट बूथ और फेब्रिकेशन का सेटअप भी किया गया है। लूना के इलेक्ट्रिक मॉडल को जल्द ही शोकेस किया जाएगा।
अभी इस बात को कहना जल्दबाजी होगा कि इसमें फिक्स्ड बैटरी मिलेगी, या स्वैपेबल बैटरी। माना जा रहा है कि सिंगल चार्ज पर इसकी रेंज 50Km तक होगी। वहीं, अलग-अलग बैटरी पैक वाले मॉडल की रेंज 100Km तक जाएगी। साथ ही, कंपनी इसकी कीमत 10 हजार रुपए के करीब रख सकती है। शुरुआत में कपनी 50 हजार ग्राहकों तक पहुंचने का लक्ष्य लेकर चलेगी। इसे अगले साल तक बाजार में उतारने की संभावन है।