Advertisement

Advertisement

मिर्जापुर। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के अर्जुनपुर नहर पुलिया के पास शनिवार को देर रात बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली मारने के बाद बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने युवक को उठाया। उसके मोबाइल फोन से पुलिस व परिजनों को सूचना दी। परिजन युवक को उपचार के लिए अस्पताल लेकर गए। युवक के बाएं कंधे पर गोली लगी है। सूचना मिलने पर मौके पर देहात कोतवाली और शहर कोतवाली पुलिस अस्पताल पहुंचकर जांच में जुटी है।

देहात कोतवाली क्षेत्र के शुक्लहा निवासी शुभम मिश्रा (22) पुत्र रामरूप मिश्रा शनिवार की रात बाइक से अपने गांव अर्जुनपुर जा रहा था। रास्ते में अर्जुनपुर नहर के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे पकड़कर गोली मार दी। गोली उसके कंधे में लगी। गोली चलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने युवक के मोबाइल फोन से उसके परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल के ट्राॅमा सेंटर लेकर गए। जहां डॉक्टरों ने उसका उपचार किया। शुभम मिश्रा ने बताया कि वह कटरा कोतवाली क्षेत्र के दुर्गा बाजार निवासी गोलू मिश्रा हत्याकांड में गवाह है। गोलू मिश्रा हत्याकांड के आरोपियों ने उसे पकड़कर गोली मारी है। दो बाइक से पांच लोग आए थे। पहले बाइक से पीछा किया फिर पकड़कर गोली मारी है। दो गोली चली है। इसमें एक गोली उसके कंधे में लगी है।

सूचना मिलने पर शहर कोतवाल अरविंद मिश्रा, देहात कोतवाल बृजेश सिंह ने अस्पताल पहुंचकर जांच पड़ताल की। जानकारी मिलने के बाद एसपी सिटी श्रीकांत प्रजापति व सीओ सदर शैलेंद्र त्रिपाठी अस्पताल पहुंचे। क्राइम ब्रांच और देहात कोतवाली पुलिस घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल में जुटी है। एसपी सिटी ने बताया कि देहात कोतवाली क्षेत्र के अर्जुनपुर के पास एक युवक को गोली लगी है। मामले की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

Source link

Advertisement