स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने किया अंगदान परिवार का अभिनंदन

Organ Donation Haryana Health

अंगदान करने वाले सभी परिवार हरियाणा के असली हीरो: स्वास्थ्य मंत्री

चंडीगढ़, 27 मार्च। हरियाणा की स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री आरती सिंह राव ने पीजीआईएमएस रोहतक में 16 वर्षीय ब्रेन डेड किशोर के अंगदान करने वाले परिवार को हृदय से धन्यवाद दिया है।

मंत्री ने कहा कि इस परिवार ने बेटे को खोने के असीम दुख के बावजूद 6 लोगों को नई जिंदगी देकर पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणा स्थापित की है।

आरती सिंह राव ने कहा, “जिस हिम्मत और बड़े दिल से इस शोकाकुल परिवार ने अंगदान का फैसला लिया, वह शब्दों से परे है। एक बेटे को खोकर भी उन्होंने 6 घरों के चिराग बुझने से बचा लिए। हरियाणा को ऐसे परिवारों पर गर्व है। यह महादान समाज को नई दिशा देगा।”

सभी अंगदान परिवार ‘असली हीरो’

स्वास्थ्य मंत्री ने उन सभी परिवारों का भी आभार व्यक्त किया जिन्होंने पहले अंगदान कर मिसाल कायम की। उन्होंने कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक में एक महीने के अंदर यह तीसरा अंगदान है।

“इससे पहले भी जिन परिवारों ने अपना दुख भुलाकर किसी और की जिंदगी बचाने का फैसला लिया, वे सब हरियाणा के असली हीरो हैं। मैं उन सभी माता-पिता, भाई-बहनों को नमन करती हूं जिन्होंने अपने प्रियजन के जाने के बाद भी मानवता को चुना। आपका त्याग कभी भुलाया नहीं जा सकता,” उन्होंने कहा।

स्वास्थ्य मंत्री की प्रेरणादायक अपील

आरती सिंह राव ने प्रदेशवासियों से हाथ जोड़कर अपील की: “मैं हरियाणा की एक बेटी और बहन के रूप में आपसे प्रार्थना करती हूं कि अंगदान को अपना धर्म बनाइए। मृत्यु अटल है, लेकिन हम तय कर सकते हैं कि हमारी मृत्यु भी किसी के जीवन का कारण बने।”

मंत्री ने कहा, “आज 16 साल के उस बेटे ने हमें बता दिया कि शरीर मिट्टी है, पर कर्म अमर हैं।”

उन्होंने कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल, पीजीआईएमएस टीम, आर्मी कमांड हॉस्पिटल चंडीमंदिर की टीम और हेलीकॉप्टर एयरलिफ्ट में शामिल सभी अधिकारियों की सराहना की।

16 वर्षीय युवा के अंगदान से एक लिवर (दो मरीज), दो किडनी (एक रोहतक, एक चंडीमंदिर एयरलिफ्ट) और दो कॉर्निया को नई जिंदगी मिली।


अंगदान = महादान हरियाणा आगे बढ़ रहा है।

#AngDaan #OrganDonation #HaryanaHealth #AartiSinghRao

Exit mobile version