SIR समेत प्रमुख फैसले सर्वसम्मति से; कैबिनेट सचिव को पत्र और फॉर्म-6 को लेकर भी स्थिति स्पष्ट
रोहतक, 28 सितंबर 2026: भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं रोहतक नगर निगम की मेयर राम अवतार वाल्मीकि ने आज भाजपा कार्यालय मंगल कमल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर चुनाव आयोग को लेकर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के हालिया संयुक्त बयान से विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे कई सवालों की स्थिति स्पष्ट हो गई है। राम अवतार वाल्मीकि ने जोर देते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाने से पहले तथ्यों को सामने रखना चाहिए।
प्रेस वार्ता में वाल्मीकि ने बताया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दोनों चुनाव आयुक्तों की 26 सितंबर को हुई बैठक के बाद जारी संयुक्त बयान में स्पष्ट किया गया है कि स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) सहित प्रमुख निर्णय आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए। 24 जून 2025 के मूल आदेश तथा विभिन्न चरणों की समय-सारणी से संबंधित निर्णय भी पूरे आयोग की सहमति से लिए गए।
कैबिनेट सचिव को भेजे गए पत्र को लेकर भी विपक्ष ने सवाल उठाए थे। वाल्मीकि के अनुसार, चुनाव आयोग के स्पष्टीकरण में कहा गया है कि यह पत्र किसी नीतिगत विषय अथवा SIR से संबंधित नहीं था, बल्कि प्रतिनियुक्ति पर आए एक अधिकारी की प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़ा आंतरिक मामला था। उन्होंने कहा कि ऐसे मामले को चुनावी प्रक्रिया से जोड़कर प्रस्तुत करने से जनता के बीच अनावश्यक भ्रम पैदा होता है।
फॉर्म-6 को लेकर भी स्थिति साफ, अफवाहों के बजाय तथ्यों पर भरोसा करे जनता
राम अवतार वाल्मीकि ने फॉर्म-6 के मुद्दे पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि आयोग के अनुसार SIR से जुड़े फॉर्म-6 के साथ संलग्न घोषणा-पत्र को सुप्रीम कोर्ट ने वैध ठहराया है। गैर-SIR अवधि में रजिस्ट्रेशन ऑफ इलेक्टर्स रूल्स, 1960 के तहत पहले से लागू फॉर्म ही जारी रहने की बात कही गई है।
उन्होंने आगे बताया कि चुनाव आयोग की ओर से हर पात्र मतदाता की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष कैंप लगाने तथा छूटे हुए मतदाताओं के घर जाकर बीएलओ द्वारा फॉर्म एकत्र करने जैसी व्यवस्थाओं का भी उल्लेख किया गया है।
वाल्मीकि ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक दलों को सवाल उठाने का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं की प्रतिष्ठा से जुड़े विषयों पर बहस तथ्यों और आधिकारिक जानकारी के आधार पर होनी चाहिए। मेयर ने कांग्रेस और विपक्ष से अपील की कि जनता के बीच भ्रम फैलाने के बजाय चुनाव प्रक्रिया से जुड़े तथ्यों को सामने रखा जाए।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, जिला महामंत्री नितिन जैन, जिला कोषाध्यक्ष अमित बंसल और जिला मीडिया सह-प्रभारी ललित कुमार भी उपस्थित रहे। जिला मीडिया प्रभारी पंकज भारद्वाज ने जानकारी दी।




