कलानौर के गांव सुडाना में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, डॉ. अशोक कुमार रंगा ने महिलाओं से किया संवाद

कलानौर

रोहतक, 28 सितंबर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत कलानौर विधानसभा क्षेत्र के गांव सुडाना में रविवार को ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे डॉ. अशोक कुमार रंगा ने आंगनवाड़ी केंद्र से जुड़ी लाभार्थी माताओं और महिलाओं से सीधा संवाद किया तथा उन्हें सम्मानित किया। सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी से आयोजन जनभागीदारी वाला बना।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के तहत यह कार्यक्रम 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक चल रहा है। इस दौरान माताओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी तथा आंगनवाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मानित करने पर जोर दिया जा रहा है।

डॉ. अशोक कुमार रंगा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र मातृ एवं शिशु पोषण, स्वास्थ्य जागरूकता और प्रारंभिक बाल विकास को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने महिलाओं से योजनाओं का लाभ लेने के साथ-साथ पात्र परिवारों तक जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। आंगनवाड़ी सुपरवाइजर ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और सुविधाओं की विस्तार से जानकारी दी। माताओं को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण संबंधी सेवाओं के बारे में जागरूक किया गया।

डॉ. रंगा ने कहा कि ऐसे आयोजन का उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद कर उनके अनुभव और सुझाव जानना तथा कार्यकर्ताओं के योगदान को सार्वजनिक रूप से सम्मान देना भी है। कार्यक्रम में महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए।

गांव सुडाना से शुरू हुए इस कार्यक्रम में चादरुप ढाका, राज सिंह, राजा, सुरेश कुमार (ब्लॉक समिति सदस्य), विजय, भल्ली राम सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।

Exit mobile version