गाजियाबाद : गाजियाबाद में Namo Bharat Train के प्रीमियम कोच में एक युवक और युवती द्वारा कथित तौर पर अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रेन ऑपरेटर को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है और उसके खिलाफ भी अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
घटना 24 नवंबर 2025 की है, जब ट्रेन संख्या 23 दुहाई से मुरादनगर की ओर जा रही थी। दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) कॉरिडोर पर संचालित इस ट्रेन में प्रीमियम कोच के अंदर युवक-युवती ने सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य किया, जिसकी वजह से सार्वजनिक मर्यादा को ठेस पहुंची। यह घटना ट्रेन के CCTV कैमरों में कैद हो गई।
Namo Bharat Train : अश्लील हरकत करने वाले युवक-युवती पर FIR दर्ज
एनसीआरटीसी (नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन) के डीबीआरआरटीएस विभाग के सुरक्षा प्रमुख दुष्यंत कुमार की शिकायत पर 22 दिसंबर 2025 को मुरादनगर थाने में अज्ञात युवक-युवती के खिलाफ FIR दर्ज की गई। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य) और धारा 77 के तहत मामला दर्ज हुआ है।
जांच में पता चला कि ड्यूटी पर तैनात ट्रेन ऑपरेटर ने अपने मोबाइल फोन से ऑपरेटर केबिन में बैठकर CCTV फुटेज रिकॉर्ड की और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया, जिससे वीडियो वायरल हो गया। कंपनी नियमों और गोपनीयता के उल्लंघन के आरोप में एनसीआरटीसी ने ऑपरेटर को 3 दिसंबर 2025 को सेवा से बर्खास्त कर दिया। उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 की धारा 67 (इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से अश्लील सामग्री प्रसारित करना) के तहत अलग से मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि जांच जारी है। वायरल वीडियो, FIR की प्रति और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
NCRTC अधिकारियों ने इस घटना को बेहद शर्मनाक बताते हुए कहा कि सार्वजनिक परिवहन में इस तरह की हरकतें बिल्कुल अस्वीकार्य हैं और यात्रियों को असुविधा पहुंचाती हैं। भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
