नई दिल्ली, 23 दिसंबर 2025: Namo Bharat : नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (एनसीआरटीसी) ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो को लेकर बयान जारी किया है, जिसमें नमो भारत ट्रेन के अंदर कथित तौर पर अश्लील व्यवहार दिखाया गया है। एनसीआरटीसी ने इस घटना पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए दोषी ऑपरेटर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है और पुलिस में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई है।
एनसीआरटीसी के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने एक बयान में कहा कि ट्रेन में हुई इस घटना के संबंध में ऑपरेटर के लापरवाह कर्मचारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। साथ ही, नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस वीडियो को आगे बढ़ाने या किसी भी रूप में साझा न करें।
बयान में आगे कहा गया है कि यात्री किसी भी अनुचित या अश्लील गतिविधि में शामिल न हों और नमो भारत ट्रेन में यात्रा के दौरान सामाजिक शिष्टाचार (डेकोरम) बनाए रखें। मेट्रो रेलवे (ऑपरेशन और मेंटेनेंस) अधिनियम, 2002 की धारा-59 के तहत अश्लीलता को दंडनीय अपराध माना गया है।
एनसीआरटीसी ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वे ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जो अन्य यात्रियों को असहज या अपमानित करे। साथ ही, अगर कोई असामाजिक व्यवहार देखने को मिले, तो स्टेशनों या ट्रेन में तैनात निकटतम नमो भारत स्टाफ/सुरक्षा कर्मियों को तुरंत सूचित करें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। इससे सभी के लिए सुरक्षित, सम्मानजनक और गरिमामय वातावरण सुनिश्चित होगा।
एनसीआरटीसी ने जोर देकर कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर शिष्टाचार और गरिमा बनाए रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। इस संबंध में ट्रेन में यात्रा के दौरान जिम्मेदारी और सम्मान के साथ व्यवहार करने की अपील की गई है।
